कटाई बाजार–गोरखपुर व तामेश्वरनाथ–बस्ती बस सेवा पुनः शुरू, क्षेत्र में खुशी की लहर
मास्टर राम सुरेश चौरसिया (गांधी) के प्रयासों से वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर।क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा दो महत्वपूर्ण बस सेवाओं को पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। रविवार सुबह 10:00 बजे जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
पहली बस सेवा कटाई बाजार–नौरंगिया–जिला मुख्यालय खलीलाबाद होते हुए मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर तक तथा दूसरी बस सेवा तामेश्वरनाथ धाम से कोनी, कटाई बाजार, मुंडेरखा होते हुए मंडल मुख्यालय बस्ती तक संचालित की गई है। बस सेवाओं के पुनः संचालन से क्षेत्र में खुशी का माहौल व्याप्त है।
इन दोनों बस सेवाओं को पुनः प्रारंभ कराने में जिला पंचायत सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया का अथक एवं निरंतर प्रयास निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने अगस्त माह में सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के पत्र के साथ स्वयं का पत्र लेकर प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से सचिवालय, लखनऊ में मुलाकात कर मांग रखी थी। इसके अलावा माननीय परिवहन मंत्री को जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव के पत्र के साथ अपना पत्र संलग्न कर प्रेषित किया तथा जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि कटाई बाजार–गोरखपुर बस सेवा वर्ष 2015 से तथा तामेश्वरनाथ–बस्ती बस सेवा कई वर्षों से बंद थी। बस सेवाएं बंद रहने के कारण क्षेत्रीय लोगों को असुरक्षित और महंगी यात्रा करनी पड़ रही थी, जिससे आम जनता में रोष व्याप्त था।
अब बस सेवाओं के पुनः संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, सस्ती और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। कटाई बाजार, नौरंगिया, खलीलाबाद से गोरखपुर तथा तामेश्वरनाथ धाम से मुंडेरखा होते हुए बस्ती जाने वाले श्रद्धालुओं, छात्रों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
क्षेत्रवासियों ने बस सेवा बहाल होने पर मास्टर राम सुरेश चौरसिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर संघर्ष और जनहित के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि वर्षों से बंद पड़ी बस सेवाएं पुनः शुरू हो सकीं।