ओवरलोड ट्रकों पर छापा, पांच सीज: दो चालक पकड़े गए, तीन फरार; चार लाख का जुर्माना

ओवरलोड ट्रकों पर छापा, पांच सीज: दो चालक पकड़े गए, तीन फरार; चार लाख का जुर्माना

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में ओवरलोड वाहनों के संचालन और उन्हें पास कराने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी की। इस कार्रवाई में पांच बालू लदे ट्रक जब्त किए गए और वाहन मालिकों पर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दो चालकों को पकड़ा गया, जबकि तीन चालक फरार हो गए। परिवहन विभाग को सूचना मिली थी कि रानीगंज इलाके में राजापुर खरहर के पास कुछ लोग ट्रक मालिकों से पैसे लेकर ओवरलोड बालू लदे ट्रकों को पास कराते हैं। इस सूचना पर परिवहन विभाग की टीम ने रानीगंज पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से जाल बिछाकर छापामारी की। राजापुर खरहर के पीसीएफ गोदाम के पास पांच बालू लदे ट्रक मिले। अधिकारियों की टीम को देखते ही ओवरलोड वाहन पास कराने वाले और तीन ट्रकों के चालक मौके से फरार हो गए। हालांकि, टीम ने दो चालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की। ट्रकों पर लदे बालू के अभिलेखों की जांच की गई तो वे ओवरलोड पाए गए। एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी पांचों ट्रकों को सीज कर रानीगंज पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। वाहन स्वामियों पर चार लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप कुमार गुप्ता ने यह भी बताया कि ओवरलोड बालू लादकर चलने वाले चालक अक्सर ट्रकों के आगे और पीछे लिखे रजिस्ट्रेशन नंबरों को खुरच देते हैं या उन पर ग्रीस लगाकर मिट्टी डाल देते हैं, जिससे नंबर आसानी से पढ़े नहीं जा सकते। पकड़े गए ट्रकों के नंबर भी मिटाए गए थे, लेकिन उनके चेसिस नंबर से सभी जानकारी ट्रेस कर ली गई।