14 सितंबर को हरितालिका तीज का निर्जला व्रत, पंडित देवस्य मिश्र से जानिए पूजन की विधि एवं शुभ मुहूर्त
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। सुहागिन महिलाओं के लिए अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना का पर्व हरितालिका तीज इस वर्ष 14 सितंबर 2026, सोमवार को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य पंडित देवस्य मिश्र ने बताया कि अविवाहित युवतियां भी मनचाहे एवं योग्य वर की प्राप्ति की कामना से इस दिन निर्जला व्रत रखती हैं। इस अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है तथा हरितालिका व्रत कथा का श्रवण किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी। उनकी अटूट भक्ति और तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया। तभी से हरितालिका तीज को अखंड सौभाग्य, सुखी वैवाहिक जीवन और मनोकामना पूर्ति से जुड़ा महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है।
14 सितंबर को व्रत रखना उत्तम
पंचांग के अनुसार भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 13 सितंबर 2026 को सुबह 7:15 बजे शुरू होगी और 14 सितंबर को सुबह 7:18 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर 14 सितंबर को हरितालिका तीज का व्रत रखना उत्तम माना जा रहा है।
पूजन का शुभ मुहूर्त
हरितालिका तीज पूजन के लिए सुबह 6:05 बजे से 7:06 बजे तक का समय शुभ रहेगा। वहीं ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:32 से 5:19 बजे तक और अभिजित मुहूर्त सुबह 11:52 से दोपहर 12:41 बजे तक रहेगा। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव-पार्वती की पूजा करेंगी और परिवार की सुख-समृद्धि तथा पति की लंबी आयु की कामना करेंगी।