शव का 72 घंटे बाद भी नहीं किया अंतिम संस्कार: प्रतापगढ़ में परिजन महिला के हत्या का आरोप लगा रहे, पुलिस समझाने में जुटी

शव का 72 घंटे बाद भी नहीं किया अंतिम संस्कार: प्रतापगढ़ में परिजन महिला के हत्या का आरोप लगा रहे, पुलिस समझाने में जुटी

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के रमईपुर नेवादा गांव में एक महिला का 72 घंटे बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हैं। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रमईपुर नेवादा गांव निवासी 40 वर्षीय यासमीन पत्नी ननकू शनिवार दोपहर अपने घर में चारपाई पर मृत पाई गई थीं। स्कूल से लौटे बच्चों ने घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव घर लाया गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने की बात कहकर अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे आक्रोशित होकर उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मंगलवार सुबह मृतका की मां अजमेर शरीफ से गांव पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए गांव के एक युवक पर अपनी बेटी की हत्या करने और घर से गहने चुरा ले जाने का आरोप लगाया। रूर चौकी इंचार्ज विजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पैनल के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया है। सीओ मनोज कुमार सिंह रघुवंशी ने जानकारी दी कि परिजनों को समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी करने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार दोपहर 1 बजे तक शव का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया था।