बहुरने वाले हैंभीटी हैदरगंज कूरेभार सड़क के दिन

 

दो लेन में होगा मार्ग का चौड़ीकरण, तीन जिलों को मिलेगा सीधा लाभ

53.92 करोड़ रुपये की लागत से 17.17 किलोमीटर लंबी सड़क का होगा निर्माण

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्याभीटी-हैदरगंज-कूरेभार अंतरजनपदीय मार्ग के दिन अब बहुरने वाले हैं। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की राज्य योजना के अंतर्गत इस मार्ग को शामिल कर लिया है। परियोजना के तहत सड़क को दो लेन में चौड़ा किया जाएगा, जिस पर लगभग 53.92 करोड़ रुपये की लागत से 17.17 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा। इससे अयोध्या, अम्बेडकरनगर और सुलतानपुर—तीन जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे अपना दल (एस) के प्रदेश सचिव प्रमोद सिंह के प्रयास रंग लाते नजर आ रहे हैं। प्रमोद सिंह ने विगत दिनों लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव और प्रमुख अभियंता से मिलकर सड़क निर्माण की मांग को लेकर पत्र सौंपा था। उनके पत्र पर संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग ने अयोध्या मंडल के प्रमुख अभियंता से तत्काल डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) मांगी। इसके बाद अयोध्या जनपद के लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड द्वारा सर्वे कर आगणन तैयार किया गया, जिसे मुख्य अभियंता अयोध्या मंडल ने 18 दिसंबर को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शासन को भेज दिया।
यह मार्ग लंबे समय से क्षेत्रीय जनता की प्रमुख मांग रहा है। प्रमोद सिंह ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर इस समस्या को शासन स्तर तक गंभीरता से उठाया। उन्होंने अपने पत्रों में मार्ग की वास्तविक स्थिति और जनहित की आवश्यकता को स्पष्ट करते हुए बताया कि मार्ग का प्रारंभिक हिस्सा अम्बेडकरनगर जनपद में, लगभग 13.50 किलोमीटर अयोध्या जनपद में तथा शेष भाग सुलतानपुर जनपद में स्थित है। कुल 17.17 किलोमीटर लंबा यह मार्ग दिन-रात भारी यातायात दबाव झेलता है।प्रमोद सिंह ने यह भी प्रस्ताव रखा कि चूंकि मार्ग का अधिकांश हिस्सा अयोध्या प्रांतीय खंड के अंतर्गत आता है, इसलिए पूरे मार्ग को उसी के स्वामित्व में लेते हुए चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाए। लोक निर्माण विभाग ने उनके इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।परियोजना के पूर्ण होने के बाद गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत यह मार्ग दो लेन का आधुनिक और सुरक्षित मार्ग बन जाएगा। सड़क के सुदृढ़ीकरण से यातायात अधिक सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, छात्रों और आम जनमानस को इससे बड़ी राहत मिलेगी।क्षेत्र की जनता ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रमोद सिंह को देते हुए कहा कि उनके सक्रिय और निरंतर प्रयासों के कारण ही वर्षों से लंबित यह मांग पूरी होने जा रही है। गोसाईगंज विधानसभा में प्रमोद सिंह को जनता के बीच एक सक्रिय और सेवा भाव से कार्य करने वाले जननेता के रूप में देखा जा रहा है।