बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक स्थित मां इंदिरा इंटर कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) खंड कप्तानगंज द्वारा एक हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गोरक्ष प्रांत (गोरखपुर) के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सुरजीत जी ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन वैदिक धर्म में निहित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और उसके गौरवशाली अतीत को समझने के लिए सनातन वैदिक परंपरा को जानना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की पहचान उसके सनातन संस्कारों से जुड़ी हुई है।
सुरजीत जी ने आगे कहा कि हमारे जीवन में दो माताएं होती हैं—एक जन्म देने वाली और दूसरी भारत माता, जो हमारा पालन करती हैं। उन्होंने समझाया कि जिस प्रकार जन्म देने वाली मां का ऋण होता है, उसी प्रकार भारत माता के प्रति भी हमारा कर्तव्य और ऋण है, जिसे हमें अपने आचरण और सेवा भाव से निभाना चाहिए।
सम्मेलन में महिला पीजी कॉलेज की संस्कृत प्रवक्ता श्रीमती कमलेश, चिरामानंद कटरा कुटी के महंत निरमायानन्द जी महाराजऔर जिला सह प्रचारक प्रमोद जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता इंजीनियर वीरेंद्र कुमार मिश्रा, विनोद चौधरी, कप्तानगंज मंडल अध्यक्ष गौरवमणि त्रिपाठी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी, अंकुर मिश्रा, पूर्व प्रमुख पिंटू सोनकर, रवि तिवारी, अनिल तिवारी और वागीश कुमार पांडे प्रमुख रूप से शामिल हुए।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह संतोष जी, रत्नेश जी, अजय अग्निहोत्री, पप्पू ओझा और शहाबुद्दीन निषाद भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।
यह सम्मेलन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली।