सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु, भूमिका और प्रभावशीलता बढ़ाने के निर्देश: विशाल सिंह

लखनऊ सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भूमिका को और अधिक प्रभावी, एकरूप और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सूचना निदेशालय के सभागार में सभी जनपदीय एवं मुख्यालय के अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को तथ्यपरक, सरल और प्रभावी ढंग से जनमानस तक पहुँचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।कार्यशाला को संबोधित करते हुए निदेशक सूचना विशाल सिंह ने कहा कि सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सशक्त सेतु है। विभाग की जिम्मेदारी केवल सूचनाओं के प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध, संतुलित और विश्वसनीय रूप में जनता तक पहुँचाना भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नकारात्मक और भ्रामक खबरों पर सतत निगरानी रखते हुए तथ्यों के साथ संतुलित और प्रभावी प्रतिक्रिया देना अनिवार्य हो गया है। इससे न केवल सरकार की छवि सुदृढ़ होती है, बल्कि जनता में भ्रम की स्थिति भी समाप्त होती है।निदेशक सूचना ने कहा कि सूचना विभाग को अपनी ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्वकारी भूमिका को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने जनपदों में पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए सरकार के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रचार-प्रसार के सभी उपलब्ध माध्यमों का समुचित उपयोग किया जाए और आधुनिक तकनीक को अपनाकर सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनमानस तक पहुँचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा जनपदों में कराए गए विकास कार्यों की सही और तथ्यपरक जानकारी लोगों तक पहुँचाई जाए, ताकि सरकार की नीतियों को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रहे।अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनपदों में किए जा रहे विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित सक्सेज स्टोरी, लेख और अन्य सामग्री के माध्यम से भी प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपदीय कार्यालयों को और अधिक सुव्यवस्थित तथा सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे अधिकारियों को कार्य करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य करें, ताकि आम जनमानस तक सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पहुँच सके।कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह ने विभागीय बजट, वित्तीय प्रावधानों और उनसे जुड़े नियमों की विस्तार से जानकारी दी, जिससे अधिकारियों को वित्तीय प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक चन्द्र मोहन ने उपस्थित सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया।इस अवसर पर सहायक निदेशक अनुराग प्रसाद, सतीश चन्द्र भारती, जितेन्द्र प्रताप सिंह, चन्द्र विजय वर्मा, अमित यादव सहित मुख्यालय और जनपदों के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से सूचना विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सशक्त रूप से जनता तक पहुँचाने का स्पष्ट संदेश दिया गया।