शॉर्ट सर्किट से स्कूल बस में आग, ड्राइवर ने 3 बच्चों को बचाया, फायर ब्रिगेड टीम ने पाया काबू
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के भटनी स्थित कमल चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद ड्राइवर की सूझबूझ से बस में सवार तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह बस रायबरेली जनपद के मटका सलोन स्थित निमिषा कान्वेंट स्कूल की थी। शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे बस चालक अबरार (निवासी कटेहा, कोतवाली सलोन) ने बस स्टार्ट की। तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और बस से धुआं निकलने लगा। स्थिति बिगड़ती देख चालक अबरार और कंडक्टर बाबूलाल (निवासी खतियारा, सलोन) ने तुरंत बस में मौजूद पूरे बाचन लकुरी निवासी कक्षा 9 के आलोक, कक्षा 8 की महक के साथ भटनी निवासी कक्षा 9 के सूर्यप्रताप को सुरक्षित नीचे उतारा। बच्चों को उतारते ही बस में आग तेजी से फैल गई और लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही लालगंज और सलोन की फायर ब्रिगेड टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।