नवाबगंज में युवक की संदिग्ध हालत में मौत: ट्रेन से कटकर हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

नवाबगंज में युवक की संदिग्ध हालत में मौत: ट्रेन से कटकर हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह घटना सोमवार रात लगभग 11:30 बजे हुई जब युवक शौच के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कानपुर (बाकरगंज) निवासी मनोज कुमार रैदास के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग 25-30 सालों से नवाबगंज के शेख का पुरवा स्थित अपने ससुर सीताराम के घर पर रह रहा था। सोमवार रात करीब 11:30 बजे मनोज शौच के लिए घर से थोड़ी दूर रेलवे ट्रैक की ओर गया था। इसी दौरान एनटीपीसी ऊंचाहार की तरफ से बनारस जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब कुछ देर तक मनोज घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने बाहर निकलकर देखा। उन्हें रेलवे ट्रैक पर मनोज का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल नवाबगंज पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए प्रतापगढ़ भेज दिया। मृतक मनोज के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है।