प्रेमधर पट्टी गांव में बनेगा पुस्तकालय और वाचनालय: दी जाएगी 10 लाख की सहायता राशि, प्रशासन 4 लाख रुपये खर्च करेगा

प्रेमधर पट्टी गांव में बनेगा पुस्तकालय और वाचनालय: दी जाएगी 10 लाख की सहायता राशि, प्रशासन 4 लाख रुपये खर्च करेगा

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के बाबा बेलखरनाथ धाम ब्लॉक के प्रेमधर पट्टी गांव में शासन की मातृभूमि योजना के तहत एक पुस्तकालय और वाचनालय का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 14 लाख रुपए खर्च होंगे, जिसमें गांव के मूल निवासी और पूर्व आईआरएस अधिकारी अंजनी पांडेय 10 लाख रुपए का योगदान देंगे, जबकि पंचायतीराज विभाग 4 लाख रुपए खर्च करेगा। अंजनी पांडेय ने अपने पुरखों के नाम पर गांव में पुस्तकालय और वाचनालय बनाने का प्रस्ताव पंचायतीराज विभाग को दिया था। कुछ वर्ष पहले उन्होंने आईआरएस पद से इस्तीफा देकर लखनऊ में अपना कारोबार शुरू किया था। उनके इस प्रस्ताव को प्रशासन ने मंजूरी दे दी है। प्रेमधर पट्टी गांव बेल्हा (प्रतापगढ़) में मातृभूमि योजना के तहत चयनित होने वाला दूसरा गांव है। इससे पहले, विकास खंड गौरा के बाबूपट्टी गांव को स्व. डॉ. हरिवंश राय बच्चन प्रबोधन संस्थान महाराष्ट्र की ओर से गोद लेने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी। यह गांव बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का पैतृक गांव है। निदेशालय ने अंजनी पांडेय के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए डीपीआरओ को निर्माण पर आने वाले खर्च का डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कराने का निर्देश दिया है। डीपीआरओ ने पुस्तकालय और वाचनालय के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने हेतु राजस्व विभाग को पत्र लिखा है। डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने बताया कि प्रेमधर पट्टी गांव के अंजनी पांडेय ने मातृभूमि योजना के तहत अपने पुरखों के नाम पर पुस्तकालय और वाचनालय के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है।