सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत: महेशगंज बाजार से लौटते समय हादसा, बाइक ने टक्कर मारी
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय हरिश्चंद्र गौतम की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार रात महेशगंज थाना क्षेत्र के रायगढ़ के पास हुई, जब उनकी बाइक को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी।हरिश्चंद्र गौतम महेशगंज बाजार से गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से होते हुए अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एक अन्य बाइक पर सवार तीन लोगों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उन्हें महेशगंज सीएचसी ले गए, जहां से गंभीर हालत में उन्हें एसआरएन प्रयागराज रेफर किया गया। हालांकि, प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक हरिश्चंद्र गौतम की पुत्री शालिनी गौतम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ महेशगंज थाने में तहरीर दी है। हरिश्चंद्र अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी छह बेटियां हैं, जिनमें से पांच की शादी हो चुकी है, जबकि शालिनी अविवाहित हैं। जानकारी के अनुसार, जिस बाइक से टक्कर हुई, उस पर सवार लोग बाघराय थाना क्षेत्र में एक रिश्तेदारी से निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहे थे। रायगढ़ के पास अचानक दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। महेशगंज थाना प्रभारी राधेश्याम त्यागी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।