अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज का आरोहण, सीएम योगी ने कहा- यह नए युग का शुभारंभ है

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 25 नवंबर: मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज के आरोहण समारोह में ऐतिहासिक उद्घोष किया। उन्होंने कहा कि यह ध्वजारोहण यज्ञ की पूर्णाहूति नहीं, बल्कि नए युग का शुभारंभ है। यह भव्य मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, सम्मान व आत्मगौरव का प्रतीक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन का आगाज़ “सियावर रामचंद्र भगवान, माता जानकी, सरयू मैया की जय, भारत माता की जय और हर हर महादेव” के जयघोष के साथ किया। उन्होंने इस पावन अवसर पर संस्कृत के श्लोक को उद्धृत करते हुए कहा आजु सफल तपु तीरथ त्यागू। आजु सुफल जप जोग बिरागू। सफल सकल सुभ साधन साजू। राम तुम्हहि अवलोकत आजू। धर्म, मर्यादा और राष्ट्रधर्म का प्रतीक यह समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत की उपस्थिति में हुआ। सीएम योगी ने कहा कि श्रीराम मंदिर पर फहराता केसरिया ध्वज धर्म, मर्यादा, सत्य-न्याय व राष्ट्रधर्म का भी प्रतीक है। यह विकसित भारत की संकल्पना का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ध्वजारोहण उस सत्य का उद्घोष है कि धर्म का प्रकाश अमर है और रामराज्य के मूल्य कालजयी हैं। सीएम योगी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व संभालने के साथ ही जिस संकल्प, संभावना व विश्वास का सूर्योदय हुआ था, वह आज भव्य राम मंदिर के रूप में साकार हो रहा है।
500 वर्षों की अडिग आस्था
मुख्यमंत्री ने उन पूज्य संतों, योद्धाओं और श्रीरामभक्तों की अखंड साधना-संघर्ष को नमन किया, जिन्होंने मंदिर आंदोलन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों में साम्राज्य बदले, पीढ़ियां बदलीं, लेकिन आस्था अडिग रही, न झुकी, न रुकी। उन्होंने कहा कि एक समय ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का उद्घोष हर रामभक्त की जुबान पर था। नए भारत में रामराज्य का उद्घोष सीएम योगी ने ‘संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता’ के मंत्र पर बल देते हुए कहा कि आज हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, जहां विकास और विरासत का बेहतरीन समन्वय है। उन्होंने कहा, “80 करोड़ लोगों को राशन, 50 करोड़ लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा, हर जरूरतमंद को आवास और हर व्यक्ति को बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ मिलना रामराज्य की वह उद्घोषणा है, जिसका आधार विकसित भारत है।
अयोध्या। उत्सवों की वैश्विक राजधानी मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या, जो कभी संघर्ष व बदहाली का शिकार थी, अब उत्सवों की वैश्विक राजधानी बन रही है। रामलला की यह पावन नगरी आस्था व आधुनिकता, आस्था व अर्थव्यवस्था के नए युग में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में धर्मपथ, रामपथ, भक्ति पथ का निर्माण हो रहा है, और महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कनेक्टिविटी की बेहतर सुविधा उपलब्ध करा रहा है। अयोध्या अब देश की पहली सोलर सिटी-सस्टेनबल स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बना रही है।
इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।