महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह का 30 अक्टूबर 2025 को अयोध्या महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद यह उनका अयोध्या एयरपोर्ट पर पहला आगमन है।
इस भव्य स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार, 28 अक्टूबर को राष्ट्रीय लोकदल के अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल के आवास (लीलापुर) पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष/जिला पंचायत सदस्य बलराम यादव की अध्यक्षता में और महानगर अध्यक्ष अरविंद सिंह महंत के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
‘अपने नेता का भव्य स्वागत हम सभी का सौभाग्य’
राष्ट्रीय लोकदल के अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह पहली बार अयोध्या एयरपोर्ट पर आ रहे हैं, और “अपने नेता का भव्य स्वागत हम सभी का सौभाग्य है। उन्होंने रालोद के संस्थापक और पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री चौधरी अजित सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही अयोध्या एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की थी, और केंद्र की एनडीए सरकार में वह बनकर तैयार हुआ। उन्होंने कहा कि आज उन्हें अपने ‘महबूब नेता, युवा दिलों की धड़कन, किसानों की आवाज’ चौधरी जयंत सिंह जी का एयरपोर्ट पर स्वागत करने का अवसर मिला है। श्री पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं से सुबह 9:00 बजे एयरपोर्ट स्थल पर पहुंचने का निवेदन किया है। उन्होंने यह भी बताया कि हवाई अड्डे से लेकर अयोध्या बॉर्डर तक झंडे, बैनर और होर्डिंग लगाकर स्वागत की व्यापक तैयारी की जा रही है।
तैयारी बैठक में क्षेत्रीय महासचिव हरिश्चंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद श्रीवास्तव गप्पू दादा, युवा जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष देवी शरण वर्मा, जिला सचिव अजीत वर्मा, रालोद नेता राजित राम वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष (सदस्यता अभियान) बबलू यादव, विश्वनाथ पटेल, जितेंद्र यादव, जेपी चौहान, मस्तराम भारती, सियाराम रावत, रामकुमार वर्मा, ब्रजनाथ रामकैलाश वर्मा, जगन्नाथ वर्मा, शंभू नाथ वर्मा, छेदीलाल, जग प्रसाद भारती, राहुल वर्मा, धर्मेंद्र प्रताप वर्मा, श्री चंद वर्मा, अंकित वर्मा, मुकेश रावत, सियाराम वर्मा, मनीराम वर्मा, जानकी प्रसाद वर्मा, रामसनेही रावत सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।