महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के उत्तराधिकारी शिष्य महंत कमलनयन दास की उपस्थिति में संत तुलसीदास घाट (कच्चा घाट) पर गुरुवार को प्रतिदिन माँ सरयू की आरती का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक पल ने रामनगरी के वातावरण को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया। यह नित्य आरती अब प्रतिदिन शाम 6 बजे संपन्न होगी। इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि आगामी कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन पर्व पर संत तुलसीदास घाट पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 5100 दीपों से माँ सरयू की महाआरती की जाएगी। भव्यता और आस्था का संगम गुरुवार को सरयू नदी के तट पर स्थित संत तुलसीदास कच्चा घाट पर माता सरयू की महा आरती का शुभारंभ बड़े ही श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया। घाट पर दीपों की रोशनी और भक्तों के ‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा वातावरण राममय हो उठा। सरयू की लहरों में तैरते दीपकों और आरती की ध्वनि ने माहौल को दिव्यता से भर दिया, जिसमें श्रद्धालु भावविभोर होकर देर तक शामिल रहे। प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति दैनिक माँ सरयू की आरती का शुभारंभ समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अयोध्या धाम विधानसभा प्रत्याशी सुरेश यादव, अयोध्या महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, श्रीराम वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास जी महाराज, इकबाल अंसारी और समाजसेवी गौरव पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
संकल्प हुआ पूर्ण आरती का आयोजन महाराज अरुण दास जी महाराज के संयोजन में किया गया, जबकि संपूर्ण व्यवस्था सीताराम पांडेय उर्फ बबलू महाराज ने संभाली। बबलू महाराज ने बताया कि उनकी वर्षों पुरानी मनोकामना थी कि जब प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन जाएगा, तब सरयू घाट पर नित्य आरती का आयोजन प्रारंभ किया जाएगा। आज प्रभु की कृपा से उनका यह संकल्प पूर्ण हुआ।
नई परंपरा का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि अयोध्या की पहचान भक्ति, संस्कृति और अध्यात्म से है। प्रभु श्रीराम का मंदिर बन चुका है, और अब माता सरयू की नित्य आरती इस पावन नगरी की एक नई और सुंदर परंपरा बनेगी। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने को अपना कर्तव्य बताया और देव दीपावली पर भव्य आयोजन की बात दोहराई।
इस पावन अवसर पर माझी मझवार समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष रामजस माझी, तीर्थ पुरोहित अध्यक्ष दुर्गेश महाराज, लड्डू गोपाल सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप महाराज, सरदार गुरबीर सिंह, आरती व्यवस्थापक मुकेश शास्त्री, काशिफ शेख चौधरी , रवि पांडे, पत्रकार अंकुर पांडेय, भानु प्रताप सिंह, वासुदेव यादव, बम बम यादव, आनंद त्रिपाठी, आर.पी.सिंह ,महेंद्र उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।