फैजाबाद पुस्तक मेला अमरकांत शताब्दी संस्मरण और लोकनृत्य ने जमाया रंग, चौथे दिन मालिनी अवस्थी और यतीन्द्र मिश्र से होगी मुलाकात

L

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या-अवध नगरी। अवध नगरी के कोहिनूर पैलेस में नारायण दास खत्री मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित छः दिवसीय फैजाबाद पुस्तक मेला ज्ञान गंगा प्रवाह क्रम में सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। मेले के दूसरे और तीसरे दिन के कार्यक्रम साहित्य, संस्कृति और कला के संगम बने। हिंदी कथा परंपरा और अमरकांत पर परिचर्चा पुस्तक मेले के दूसरे दिवस की सांध्य बेला पर हिंदी कथा परंपरा और अमरकांत (शताब्दी संस्मरण) पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा का आयोजन किया गया। मोहम्मद ज़फ़र जलेश की अध्यक्षता और मुजम्मिल फ़िदा के संचालन में शिक्षाविद् स्वप्निल श्रीवास्तव, रघुवंशमणि, आर डी आनन्द, और विशाल श्रीवास्तव ने अमरकांत के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि अमरकांत हिंदी कथा साहित्य के प्रमुख यथार्थवादी लेखक थे, जिन्हें प्रेमचंद की परंपरा का अग्रणी माना जाता है। उनकी प्रसिद्ध कृतियों में ‘जिंदगी और जोंक’, ‘देश के लोग’ और उपन्यास ‘इन्हीं हथियारों से’ शामिल हैं, जिसके लिए उन्हें साहित्य अकादमी, ज्ञानपीठ और व्यास सम्मान जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
लोकनृत्य प्रतियोगिता में अवध इंटरनेशनल स्कूल प्रथम
तीसरे दिवस इनरव्हील क्लब द्वारा आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता ने रचनात्मकता में चार चांद लगा दिए। जनपद की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं के नौनिहालों की प्रस्तुति ने उपस्थित जन समूह का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में अवध इंटरनेशनल स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुस्तक मेला बहुआयामी प्रेरणा स्रोत डॉ. निर्मल खत्री मेले के सचिव डॉ. निर्मल खत्री ने देश के विभिन्न पुस्तक स्टालों का अवलोकन करते हुए कहा कि यह पुस्तक मेला आधुनिक युवाओं और साहित्य प्रेमियों के लिए बहुआयामी प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने शिक्षा उपयोगी पुस्तक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में सभी से पधारने का आवाहन किया। इस अवसर पर राजकुमार खत्री, राजू बर्मन, प्रभात टंडन, डॉ अतुल वर्मा, डॉ रजनीश वर्मा, मुकेश पटेल, ज्ञान मोटवानी, नमिता मेहरोत्रा, राकेश केसरवानी सहित वरिष्ठ पत्रकार इन्दू भूषण पाण्डेय, सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह, विनय मनूचा, सहित सैकड़ों साहित्य प्रेमी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुस्तक मेले के चतुर्थ दिवस, 15 अक्टूबर के कार्यक्रम नारायण दास खत्री मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 16वें छः दिवसीय पुस्तक मेले के चतुर्थ दिवस, 15 अक्टूबर के कार्यक्रमों की जानकारी मेला प्रभारी रीता खत्री ने दी प्रातः 10 बजे: देशभक्ति गीत प्रतियोगिता (आयोजक: इनरव्हील क्लब फैजाबाद मैत्री) सांय 4 बजे लेखक से मुलाकात (आयोजक वाणी प्रकाशन) सांय 6 बजे: शत् सुर अंजलि, सिने जगत की अनमोल विरासत: स्व. राजकपूर, स्व. गोपालदास नीरज, स्व. गुरु दत्त को श्रद्धांजलि (प्रस्तुति: आकाशवाणी के कलाकारों द्वारा) सांय 7 बजे प्रख्यात लोक गायिका मालिनी अवस्थी व प्रख्यात कवि/लेखक यतीन्द्र मिश्र से पुस्तक परिचर्चा पर एक मुलाकात।
श्रीमती खत्री ने ज्ञानार्जन और पुस्तक मेला कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों से आने का अनुरोध किया है।