प्रदेश कांग्रेस ने मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित संगोष्ठी में दी श्रद्धांजलि

लखनऊ: बहुजन समाज के महानायक, समाज सुधारक एवं बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में आयोजित इस संगोष्ठी में वक्ताओं ने कांशीराम जी के व्यक्तित्व, उनके संघर्ष और बहुजन समाज के लिए उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। संगोष्ठी का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम प्रभारी विजय बहादुर ने किया।संगोष्ठी के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सामाजिक परिवर्तन प्रेरणा स्थल समता मूलकर चौराहे पहुंचे और कांशीराम जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौर, पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली, पूर्व मंत्री राजबहादुर, ओपी त्रिपाठी सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांशीराम जी जीवन भर दलितों, वंचितों और शोषितों की आवाज बने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने बहन मायावती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जब बिहार चुनाव नजदीक हैं, भाजपा के कहने पर उनकी पुण्यतिथि रैली आयोजित कर दलित समाज को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी पूरे देश में दलितों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्षरत हैं और कांशीराम जी के अधूरे मिशन को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि कांशीराम जी के विचार हमारे अंदर समाहित हैं और उनके आदर्श कभी खत्म नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने कांशीराम जी के साथ मिलकर बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की थी, उनके योगदान को आज हाशिए पर रखा गया है।उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांशीराम जी के जीवन और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने दलितों और वंचितों को जागरूक करने के लिए जीवनभर कठिन संघर्ष किया। पूर्व मंत्री राजबहादुर ने कहा कि सत्ता संघर्ष के बल पर ही मिलती है और कांशीराम जी ने सोती हुई जनता को जागाने का काम किया, वहीं आज राहुल गांधी यही कार्य कर रहे हैं।अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया ने वर्तमान भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार दलितों और वंचितों के अधिकारों पर अंकुश लगाना चाहती है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी है और इसे आगे बढ़ाना हमारा दायित्व है।सांसद राकेश राठौर ने कहा कि आज दलित और पिछड़े समाज को जो सम्मान मिल रहा है, वह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम जी के संघर्ष की देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इस अधिकार को खत्म करने के लिए प्रयत्नशील है और इसे रोकने के लिए कांग्रेस ही विकल्प है।
पूर्व सांसद दानिश अली ने कहा कि कांशीराम जी ने बाबा साहब का संघर्ष आगे बढ़ाया और आज इसे आगे बढ़ाने का काम केवल कांग्रेस और राहुल गांधी कर रहे हैं। पूर्व सांसद ओमवती ने कहा कि मायावती द्वारा दलित समाज के समर्थन को भाजपा के हाथों बेचने का काम किया जा रहा है। पूर्व मंत्री ओपी त्रिपाठी ने भी कांशीराम जी एवं बहुजन समाज पार्टी के आदर्शों को धूमिल करने की वर्तमान राजनीति पर चिंता व्यक्त की।संगोष्ठी में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बब्लू, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, वरिष्ठ नेता रमेश मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता उमा शंकर पांडेय, मनोज यादव, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुमार राय, प्रो. श्रवण कुमार गुप्ता, प्रो. आरबी बौद्ध, आसिफ रिज़वी रिंकू, सिद्धि श्री, दयानंद दुसाध, अनामिका यादव और जैनब हैदर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे और कांशीराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।