रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
कुंडा तहसील के परानूपुर गांव में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की 11 दिवसीय रामकथा शनिवार से शुरू होगी। इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसका निरीक्षण आयोजक आनंद पांडेय स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। कथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व, शुक्रवार को एक कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा परानूपुर गांव से शुरू होकर लगभग 5 किलोमीटर का सफर तय करते हुए श्रृंगवेरपुर स्थित मां गंगा के पावन तट तक पहुंचेगी। इस कलश यात्रा में शामिल होने वाले रामभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों का अनुमान है कि कलश यात्रा में लगभग 30 से 40 हजार रामभक्त शामिल होंगे। कुंडा क्षेत्र में आयोजित इस रामकथा में भारी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और क्षेत्रीय थाना पूरी तरह से मुस्तैद हैं। प्रशासन द्वारा आयोजक को लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं ताकि कथा के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक चूक न हो। आयोजक आनंद पांडेय लगातार क्षेत्रीय लोगों से कथा में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। कथा श्रवण हेतु आने वाले भक्तों के लिए सभी व्यवस्थाएं निःशुल्क रखी गई हैं। इसमें किसी भी प्रकार के वीआईपी पास की कोई व्यवस्था नहीं है। इस 11 दिवसीय रामकथा के संरक्षक कुंडा विधायक राजा भैया हैं।