रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़। महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने, उनके मामले अलग से देखने के लिए जिले के सभी 25 थानों में खुले महिला सुरक्षा केंद्र को एसपी दीपक भूकर ने और मजबूत किया है। पुलिस लाइन, अभियोजन कार्यालय सहित कई थाने से 47 महिला कांस्टेबल को सुरक्षा केंद्रों पर तैनात किया गया है। एसपी ने तीन एसआई समेत 84 पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया है। अभी पिछले महीने जिले के सभी थानों में महिला सुरक्षा केंद्र खोले गए तो 17 थाने में महिला उपनिरीक्षक को प्रभारी बना दिया गया। महिला उपनिरीक्षकों की कमी के कारण अन्य आठ सुरक्षा केंद्र की जिम्मेदारी थाने के एसआई के साथ महिला कांस्टेबल संभाल रही थीं। मंगलवार रात एसपी ने तीन दरोगा सहित 84 पुलिसकर्मियों को इधर से उधर कर दिया। इस क्रम में नवाबगंज के अली अहमद को पुलिस लाइन, पुलिस लाइन के देवीदीन को न्यायालय सुरक्षा भेजा गया है। जबकि मानधाता के प्रभात कुमार को पट्टी कोतवाली के सहहा चौकी इंचार्ज के रूप में किया गया तबादला रद कर दिया गया है। पुलिस लाइन, थानों में तैनात 13 हेडकांस्टेबल, 15 कांस्टेबल और दो कम्प्यूटर ऑपरेटर को इधर से उधर किया गया है। 47 महिला कांस्टेबल के ट्रांसफर के लिए अलग से गश्ती निकाली गई है। इनमें पुलिस लाइन से 12, नगर कोतवाली, महिला थाने से 4-4, अभियोजन कार्यालय से 12 सहित अन्य महिला कांस्टेबल को भी अलग-अलग थानों के महिला सुरक्षा केंद्र पर तैनात किया गया है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि थानों के महिला सुरक्षा केंद्र पर महिलाओं के मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए उन्हें अभी और मजबूत किया जाएगा।