प्रतापगढ़ में आपत्तिजनक फोटो वायरल करने वाला गिरफ्तार: पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा, पीड़ित दलित परिवार को दी थी जान से मारने की धमकी

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ पुलिस ने दलित परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने और जातिसूचक गालियां देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। कंधई पुलिस ने बताया कि जौनपुर जनपद के सुजानगंज थाना क्षेत्र के फरीदाबाद गांव निवासी रविशंकर पटेल पर कुछ महीने पहले दलित परिवार की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप है। उस पर जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रविशंकर पटेल को प्रगासपुर गांव के समीप से गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। कंधई थाना प्रभारी गुलाबचंद सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।