लखनऊ/मुरादाबाद उपमुख्य सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास सेवा-पुष्टाहार, लीना जौहरी ने बताया कि किशोरियों का सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी तथा नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य के तहत मिशन शक्ति के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लंच विद लाडली कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य किशोरियों को जीवन कौशल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देना, निर्णय लेने की क्षमता और संवाद कौशल को बढ़ावा देना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है।कार्यक्रम में समाज की विभिन्न महिलाएं, जो संघर्षों को पार कर महत्वपूर्ण पदों पर पहुंची हैं, रोल मॉडल के रूप में उपस्थित रहीं। इन शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिला नेताओं ने किशोरियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक चर्चा और प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिससे किशोरियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया। किशोरियों ने खुलकर अपने विचार रखे और जीवन कौशल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स प्राप्त किए। यह कार्यक्रम किशोरियों को यह संदेश देता है कि समान अवसर और छोटे मंच उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और बड़े बदलाव लाने में सक्षम बना सकते हैं।इस मौके पर बताया गया कि भारत में लगभग 40 प्रतिशत किशोरियां शिक्षा के अवसरों से वंचित हैं। लगभग 15 प्रतिशत किशोरियां माध्यमिक शिक्षा तक नहीं पहुंच पा रही हैं और किशोरियों में एनीमिया की दर लगभग 40 प्रतिशत है, जो उनके शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर रही है। ऐसे कार्यक्रम किशोरियों में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल को बढ़ावा देंगे, जिससे वे भविष्य में स्कूल, कॉलेज और समाज में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।मुरादाबाद मंडल के विभिन्न जनपदों में किशोरियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर किशोरी भोज का आयोजन किया गया। रामपुर में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने बालिकाओं के साथ भोज करते हुए उनके माता-पिता को शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण जानकारी दी। संभल में ब्लॉक प्रमुख संतोष देवी, महिला ग्राम प्रधान भावना शर्मा और अन्य महिलाओं ने किशोरियों के साथ अपने जीवन संघर्षों और सफलता तक पहुंचने के अनुभव साझा किए। अमरोहा में महिला जनप्रतिनिधि, बाल ब्लॉक प्रमुख, महिला कोतवाल, महिला अध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारी किशोरियों को संबोधित हुए। मुरादाबाद में सामूहिक भोज के साथ किशोरियों में एनीमिया की जांच कराई गई और उन्हें मेंस्ट्रुअल हाइजीन और आयरन की गोलियां वितरित की गईं।आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल किशोरियों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि उन्हें नेतृत्व के नए आयाम सीखने और समाज में बदलाव लाने की प्रेरणा भी देगा। भविष्य में यह मिशन शक्ति के तहत नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।