फर्जी जमीन खरीद-फरोख्त करने वाले दो इनामी जालसाज गिरफ्तार

 

बस्ती। थाना नगर पुलिस ने जमीन की फर्जी खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दस हजार रुपये का इनामी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार नगर थाने पर दर्ज मुकदमें में संबंधित अभियुक्त अरविन्द कुमार चौधरी पुत्र स्व0 तिलकराम निवासी अक्षतपुर थाना कप्तानगंज एवं इन्द्रेश कुमार पुत्र रामजी लाल निवासी कौड़ीकोल बुजुर्ग थाना कप्तानगंज को रविवार को दोपहर कर्मा देवी विद्यालय गेट, संसारपुर फुटहिया के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त इन्द्रेश कुमार के खिलाफ थाना नगर व थाना हरैया में धोखाधड़ी व जालसाजी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अरविन्द कुमार चौधरी के खिलाफ भी थाना नगर में मुकदमा पंजीकृत है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्तगण अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी करते थे। गिरोह के सदस्य ग्राहकों को चिन्हित करने, रेट तय करने और नकली कागजात पर बैनामा कराने का काम अलग-अलग करते थे। पुलिस के अनुसार पूर्व में इस गिरोह के सदस्य मनोज कुमार, सुशील कुमार वर्मा, उमेश कुमार चौधरी, उमेश कुमार तथा बाबूराम को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।