बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस, थाना वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी टीम एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में ई-रिक्शा व अन्य वाहनों की बैटरियों की चोरी करने वाले 06 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 ई-रिक्शा की बैट्री, चोरी में प्रयुक्त आल्टो कार, मोबाइल, नकदी व उपकरण बरामद किए। संयुक्त कार्रवाई से कुल पाँच थानों के आठ अभियोगों में दर्ज 12 घटनाओं का पर्दाफाश किया गया। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि बीती रात पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मूड़घाट पुल पर एक आल्टो कार को रोका। कार में बैठे अभियुक्तों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने चारों अभियुक्तों अभय शर्मा, अजीत शर्मा, राजन, लतीफ को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 06 बैट्रियां व आल्टो कार बरामद की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने चांदमारी के पास से अन्य दो अभियुक्त कान्हा शुक्ला उर्फ आर्यन तथा सुबाष चन्द्र को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बैट्रियां बरामद कीं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 40 अदद ई-रिक्शा आदि की बैट्रियां, आल्टो कार, तीन एंड्रॉयड मोबाइल, आधार कार्ड, 45 सौ रुपये नकद,पिलास, पेचकस व कटर बरामद हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछतांछ के दौरान बताया कि कबूलनामा कि वे प्राइवेट नौकरी करते थे, जहां वेतन कम मिलने के कारण खर्चे और शौक पूरे नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने बैट्री चोरी का रास्ता अपनाया। चोरी की गई बैटरियां राहगीरों, कबाड़ियों और ई-रिक्शा चालकों को बेचते थे। जब अधिक बैटरियां इकट्ठा हो जातीं तो उन्हें नेपाल ले जाकर बेचते थे। गैंग का मास्टरमाइंड विनायक गुप्ता उर्फ प्रिंस ने बताया कि वह बैट्री के तार काटकर ई-रिक्शा को डायरेक्ट कर स्टार्ट करता था। अभियुक्तों ने कबूल किया कि उन्होंने बीते पन्द्रह दिनों में हरदिया, कंपनी बाग, कबीर तिराहा, टीबी अस्पताल, जखनी, दुबौलिया, हसन पेट्रोल पम्प, दुबौला चौराहा और छावनी क्षेत्र से कई ई-रिक्शाओं की बैटरियां चोरी की थीं।