कप्तानगंज पुलिस व स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई, सर्राफा व्यवसायी के यहां डकैती की योजना बनाते 6 शातिर डकैत गिरफ्तार

 

बस्ती। कप्तानगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्जनपदीय गिरोह के छह शातिर डकैतों को रविवार को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी सर्राफा व्यवसायी के यहां डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक टोयोटा इनोवा कार, तीन अवैध असलहे, आठ जिंदा कारतूस और डकैती में प्रयोग किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। ज्ञात हो 28 अगस्त को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महाराजगंज कस्बे में सर्राफा व्यवसायी के यहां गैंग बनाकर असलहों से लैस बदमाशों ने डकैती डालने का प्रयास किया था। इस दौरान एक अपराधी प्रिंस तिवारी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था। उसके पास से तमंचा, कारतूस और नशीला रूमाल बरामद हुआ था। उसी प्रकरण में आगे की विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के अन्य सदस्य फिर से वारदात की योजना बना रहे हैं। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीती रात पिकौरा सानी स्थित एक ट्यूबल के पास छापेमारी कर 6 डकैतों को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में विनोद कुमार वर्मा पुत्र स्व0 रामबदल वर्मा, निवासी बड़हरकला थाना हर्रैया बस्ती, अभय पाण्डेय पुत्र जगतनरायन पाण्डेय, निवासी बड़हरकला थाना हर्रैया बस्ती, नवीन पाण्डेय पुत्र रामप्रकाश पाण्डेय, निवासी बड़हरकला थाना हर्रैया बस्ती, राधेश्याम पुत्र कन्हैया विश्वकर्मा, निवासी शम्भूपुर थाना हर्रैया बस्ती, विशाल दूबे पुत्र राजेश दूबे, निवासी दूबे का पुरवा थाना इनायतनगर जनपद अयोध्या तथा अवनीश यादव उर्फ अंबानी पुत्र शिवबहादुर यादव, निवासी तुलापुर सरौली थाना खंडासा जनपद अयोध्या शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक टोयोटा इनोवा कार, 12 बोर का एक तमंचा व एक कारतूस, 315 बोर का एक तमंचा व दो कारतूस, एक पिस्टल व मैगजीन व पांच कारतूस, औजारों से भरा बैग जिसमें पिलास, पेचकस, छेनी, हथौड़ा, आरी, चाभी का गुच्छा, एक सब्बल, आठ लोहे के सरिए, एक टैब व पांच एंड्रायड मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि गैंग का लीडर विनोद कुमार वर्मा है, जो पैसे और वैभवशाली जीवन का लालच देकर युवाओं को अपराध की ओर धकेलता है। गिरोह नशीली दवा लगे रूमाल से लोगों को बेहोश कर लूट करता है और जरूरत पड़ने पर फायरिंग भी करता है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह को सर्राफा व्यवसायी के यहां काम करने वाले राधेश्याम ने अंदर की जानकारी दी थी। मुख्य आरोपी विनोद कुमार वर्मा पर डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ भी विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी स्वाट संतोष कुमार गौड़, चौकी प्रभारी दुबौला राकेश मिश्र, चौकी प्रभारी महाराजगंज वीरेंद्र कुमार, तथा स्वाट टीम व स्थानीय पुलिस के कई जवान शामिल रहे।