बस्ती। जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खोरिया गांव के 17 वर्षीय आशीष की तालाब में डूबने से मौत हो गई। आशीष राम लखन का पुत्र था और संत कबीर शंकर दास इंटरमीडिएट कॉलेज मोहम्मद नगर में कक्षा 11 का छात्र था। सुबह करीब 10 बजे वह अपने साथियों के साथ गांव से पांच सौ मीटर दूर स्थित बिगहिया तालाब में कमल का फूल तोड़ने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथी उसे बचा नहीं पाए और तुरंत गांव में परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के पहुंचने से पहले ही आशीष पानी में डूब चुका था। स्थानीय लोगों ने तालाब में तलाश शुरू की और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
आशीष तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई का नाम अंगद और छोटे भाई का नाम अमित है। घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि परिजनों की इच्छा के चलते पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। असनहरा पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।