बस्ती: जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और कार्यशैली में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस फेरबदल के तहत तीन थानेदारों को उनके पद से हटाया गया है उनके स्थान पर निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू को दुबौलिया, यूपी 112 के प्रभारी संजय कुमार को लालगंज,निरीक्षक केके साहू को दुबौलिया व गांधीनगर चौकी प्रभारी विश्वमोहन राय को नगर व आलोक श्रीवास्तव को कप्तानगंज का नया थानेदार बनाया गया है। जबकि दो अन्य थानेदारों चंदन कुमार व प्रदीप कुमार सिंह व का तबादला एक थाने से दूसरे थाने में कर दिया गया है। इस निर्णय से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन थानेदारों को हटाया गया है, उनके खिलाफ लंबे समय से कार्य में लापरवाही, जनशिकायतों की अनदेखी और अपराध नियंत्रण में विफलता की शिकायतें मिल रही थीं। वहीं, जिन दो अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, उन्हें उनकी दक्षता और अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी कड़ी में एसआई सभाशंकर यादव को गांधीनगर, शशांक कुमार सिंह को असनहरा व हरिराय को टिनिच का नया चौकी प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह प्रशासनिक है और इसका उद्देश्य थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता दी जाएगी और लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हटाए गए थानेदार शशांक शेखर राय, सुनील कुमार गौड़ व अतुल कुमार अंजान को क्राइम ब्रांच में पोस्ट कर दिया गया है।