बस्ती: अयोध्या फोरलेन रोड पर छावनी के बबुरहवा के निकट एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान शहर के तुरकहिया मोहल्ला निवासी 52 वर्षीय तनवीर आलम के रूप में हुई है। इसी बाइक पर सवार 50 वर्षीय मुनव्वर आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार दोनों गुरुवार की देर रात अयोध्या से अपने घर के लिए आ रहे थे। अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर दी। हादसे में दोनों साथी घायल हो गए।
स्वजन में मचा कोहराम
घायलों को तुरंत एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया ले जाया गया जहां पर चिकित्सक ने तनवीर आलम को मृत घोषित कर दिया। जबकि मुनव्वर आलम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक तनवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।