महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन अयोध्या महानगर में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। समाजवादी पार्टी की महानगर कमेटी, सभी फ्रंटल संगठन, पार्षदगण और वरिष्ठ नेता महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में कई कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। यह जानकारी महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने दी। राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि इस अवसर पर जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। चौक क्षेत्र में श्रमिकों को फल और मिठाई बांटी जाएगी, जबकि बड़ी बुआ क्षेत्र में बच्चों को कॉपी, पेंसिल और मिठाइयां दी जाएंगी। गुरुकुल संस्कृत विद्यालय में भी बच्चों को मिठाई और फल वितरित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन समाजवादी पार्टी के महानगर कार्यालय पर होगा, जहाँ केक काटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में बच्चों को लैपटॉप वितरण, कन्या विद्याधन, एक्सप्रेस-वे का निर्माण, बेरोजगारी भत्ता, 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएँ और महिलाओं के लिए 1090 हेल्पलाइन जैसी अनेक योजनाएँ शुरू की गईं।
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव का जन्मदिन पूरे प्रदेश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, ताकि 2027 में एक बार फिर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बने। इससे प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था सुधरेगी, बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा और प्रदेश में सुख-समृद्धि आएगी।