श्रीराम मंदिर में स्वर्ण कलश स्थापित, 3-5 जून को होगी प्राण प्रतिष्ठा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 1 जून 2025: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण कार्य में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार करते हुए, मंदिर के शिखर पर स्वर्ण जड़ित कलश स्थापित कर दिया गया है। यह दिव्य कलश मंदिर की भव्यता और दिव्यता को और अधिक बढ़ा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह कार्य आगामी प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले पूर्ण किया जा रहा है।
ट्रस्ट के अनुसार, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रथम तल पर विराजमान श्रीराम दरबार सहित परकोटा में बने नव मंदिरों में स्थापित मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय आयोजन 3 जून से 5 जून तक होगा। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना, भोग और आरती की व्यवस्था की गई है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना 5 जून से पूर्व पूरी कर ली जाएगी। इसी दिन श्रीराम दरबार और अन्य मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न होगी। यह ऐतिहासिक पल राम भक्तों के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।