लालगंज थानाक्षेत्र के सिद्धनाथ गांव की घटना
बस्ती: लालगंज थानाक्षेत्र के सिद्धनाथ गांव निवासी राजू गौतम की पांच वर्षीय पुत्री सृष्टि का शव सुबह गांव के निकट संदिग्ध हालत में मिला है। शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले हैं। मालूम हो कि मासूम रविवार दोपहर करीब दो बजे अपनी दादी को तलाशते हुए घर से निकली थी। देर शाम तक वह जब घर नहीं पहुंची तो स्वजन ने लालगंज पुलिस व यूपी 112 को बच्ची को गायब होने की जानकारी दी। घटना को गंभीरता लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने रविवार को रात में ही सीओ सदर, रुधौली व कलवारी के साथ मौके पर पहुंचे पूरी रात गांव व आसपास कांबिंग कर बच्ची की तलाश कराते रहे। अगले दिन सुबह गांव से दो सौ मीटर दूरी पर बच्ची का शव मिला। देखने से लगा कि उसकी धारदार हथियार से हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया। घटना किसने किया और क्यों किया इन सवालों को सुलझाने में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई है। एसपी ने घटना का पर्दाफाश करने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा अलग से पुलिस टीमें लगा दी है।
पोस्टमार्टम से यह साफ हो सकेगा कि बच्ची की हत्या हुई या किसी अन्य कारण से उसकी मृत्यु हुई है।