जघन्य अपराधों में एनएसए के तहत की जाए कार्रवाई: डीआइजी

बस्ती: पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र दिनेश कुमार पी ने गुरुवार को तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध और कानून व्यवस्था की समीक्षा किया। डीआइजी ने कहा कि जघन्य अपराधों में एनएसए के तहत कार्रवाई की जाए। लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी, वाहन चोरी के प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही कराकर अभियोग पंजीकरण कराते हुए इनसे संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी व संपत्ति की बरामदगी की जाए। एनडीपीएस एक्ट से संबंधित अपराध की रोकथाम हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए एवं अभिसूचना इकाई को सक्रिय किया जाए तथा सिंडिकेट पर अंकुश लगाएं। आरापितों पर पिट एनडीपीएस के तहत निरोधात्मक कार्यवाई करें ताकि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अकुंश लग सके । टाप-10 अपराधियों पर कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं के 10 दिन में निस्तारण का निर्देश दिया। पुरस्कार घोषित आपराधियों की गिरफ्तारी, शिकायती प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण, भूमि संबंधी विवादों का संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस पर राजस्व विभाग के सहयोग से निस्तारित कराने का निर्देश दिया। रात में चौराहे, तिराहे पर चेकिंग करके अपराधियों की गतिविधियों पर रोक लगाने, पिछले 10 वर्षों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने, अवैध शराब एवं अवैध शस्त्र रखने वालों, खरीदने और बेचने के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। जनपद के टाप-10 अपराधियों के विरुद्ध गुंडा, गैंग्सटर एक्ट की कार्रवाई कर प्रापर्टी जब्तीकरण कराते हुए ऐसे अपराधियों का जमानत रद्द कराएं जाएं। पाक्सो एक्ट संबंधी मुकदमों में दो माह के अंदर हर हाल में जांच कर कार्रवाई पूरी कर कोर्ट में मजबूत पैरवी कर शीघ्र सजा दिलाएं। इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म जैसे एक्स, वाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। डग्गामार वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही किया जाए तथा आटो, कैब,ई रिक्शा चालको का एक माह में सत्यापन पूर्ण कराकर उन्हें आईडी कार्ड जारी किया जाए। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जिले स्तर पर अधिक से अधिक डिजिटल वारिर्यस बनाकर कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षित किया जाए। थानो पर खड़े वाहनों का निस्तारण ऑपरेशन क्लीन के तहत यथाशीघ्र कराया जाए। रेंज की क्राइम मीटिंग में एसपी बस्ती अभिनन्दन, सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन व संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना मौजूद रहे ।