जिलाधिकारी ने की जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश।

*जल जीवन मिशन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त–जिलाधिकारी।*

*ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता–जिलाधिकारी*

अंबेडकरनगर 15 मई 2025। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना हर घर जल योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन भारत सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक सुरक्षित और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्थावार परियोजना की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए रोड रेस्टोरेशन सहित सभी कार्यों की गुणवत्ता, पानी की गुणवत्ता जांच और लाभार्थियों तक जल कनेक्शन की वर्तमान स्थिति, परियोजना इकाइयों के निर्माणकार्य की प्रगति एवं उसमें आ रही समस्याओं के निस्तारण की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली एवं संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्य में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर कार्यों की भौतिक स्थिति की नियमित जांच करने, आम जनता को योजना की जानकारी देते हेतु प्रत्येक घर को कनेक्शन से आच्छादित करने के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिन परियोजना इकाइयों में राजस्व, वन विभाग अथवा विद्युत आदि विभागों से संबंधित समस्याएं हैं वहां पर संबंधित कार्यदाई संस्था, जल निगम के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी संबंधित उप जिलाधिकारी एवं संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र सभी समस्याओं का निराकरण कर तीव्रगति से परियोजना के कार्यों को कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को पेयजल योजनाओं की स्थिति की जमीनी हकीकत जानने के लिए स्वयं गांवों का दौरा करने तथा यदि कहीं पर भी किसी भी प्रकार की समस्या है उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम अन्नावां जगदीशपुर में जल जीवन मिशन योजना में भूमि से संबंधित प्रकरण पर जिलाधिकारी ने लेखपाल से फोन पर वार्ता कर लेखपाल को आवश्यकतानुसार उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी व पुलिस बल से समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह में प्रकरण को निस्तारित कर अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा कराए गए सत्यापन में असंतुष्ट पाए गए सभी ग्रामीणों से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को संपर्क कर उनके असंतुष्ट होने के कारण को जानने तथा नियमानुसार उसका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संस्थाओं को पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़े/खोदे गए गए मार्गो के रेस्टोरेशन के कार्य को पूर्ण गुणवत्ता के साथ ठीक करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित विद्युत विभाग एवं समस्त कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।