शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण

बस्ती: सोनहा थानाक्षेत्र के एक गांव से युवती को शादी का झांसा देकर फहला-फुसलाकर भगा ले जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर गांव के ही युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना आरंभ कर दी है।
बाइक की ठोकर से घायल की इलाज के दौरान मृत्यु
बस्ती: मस्जिद में नमाज पढ़ने पैदल जा रहे नमाजी अचानक वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मानिकचन्द चौराहे पर बाइक की ठोकर लगने से 52 वर्षीय सिराज अहमद (52) पुत्र नियाज अहमद घायल हो गए। उनको तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने बताया वह प्रतिदिन की शाम को अपने हार्डवेयर की दुकान से निकल कर चौराहे के बगल में स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने जाते थे। मंगलवार शाम को दुकान से सड़क पार कर रहे थे कि रुधौली से बस्ती की तरफ जा रही बाइक सवार ने उन्हें ठोकर मार दिया।
बिना रुपये दिए सोने की चेन लेकर ग्राहक फरार
बस्ती: पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के मंगल बाजार में एक सर्राफा की दुकान पर खरीदारी करने आया ग्राहक बिना रुपये दिए सोने की चेन लेकर फरार हो गया। स्वर्ण व्यवसायी ने इसकी सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई का अनुरोध किया है। दक्षिण दरवाजा चौकी प्रभारी ओपी मिश्र ने बताया कि दुकान पर लगे सीसी कैमरे का फुटेज खंगाला गया तो पता चला कि ग्राहक आराम से दुकान से जा रहा है। उसे दुकानदार के द्वारा कोई टोका टाेकी भी नहीं की गई। फुटेज के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।