लोहरसहन-बेलहर मार्ग का होगा चौड़ीकरण, ₹1170.20 लाख की लागत से सड़क का बदलेगा स्वरूप 

विधायक अनिल त्रिपाठी ने किया भव्य शुभारंभ

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर –  जिले के मेहदावल तहसील क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। लोहरसहन-बेलहर मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य की शुरुआत ₹1170.20 लाख की लागत से हो गई है। क्षेत्रीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी के प्रयासों से शुरू हुई इस परियोजना का शुभारंभ सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ विधायक ने नारियल फोड़कर किया।कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधायक अनिल त्रिपाठी के प्रति आभार जताया। विधायक ने कहा,

“यह सड़क लंबे समय से उपेक्षित थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में क्षेत्र की सभी सड़कों को चौड़ा और विकसित किया जाएगा। जनता का प्रेम हमारी प्रेरणा है, और हम समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।”उन्होंने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण कर आवागमन को सुगम बनाया जाए।गणमान्य लोगों की उपस्थिति

शुभारंभ समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता रामप्रवेश शुक्ल, सुभाष राय, हेमन्त चौधरी, राज चौधरी, अर्पित पाण्डेय, अमन उपाध्याय, अवधेश ठाकुर, नितिन श्रीवास्तव, बाबूलाल जायसवाल, राजू राय, दिग्विजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सड़क परियोजना न केवल क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाएगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी आसान करेगी।