शहर में ई रिक्शा के पांच नहीं सिर्फ तीन रूट किए गए तय

 

 

बस्ती: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए अभी रेड व यलो जोन चल रहे हैं। तीन अलग से जोन प्रस्तावित किए गए थे। इनके रूट निर्धारित किए जाने थे। इसमें यातायात पुलिस ने अब इसमें संशोधन कर दिया है। पहली मई से ई रिक्शा के लिए एक अतिरिक्त रूट ग्रीन जोन बनाया गया है। हर एक जोन में चलने वाले ई रिक्शा व उसका कलर भी उसी रूट का होगा। ऐसे में अपने निर्धारित रूट के अलावा दूसरे रूटों पर ई रिक्शा जाएंगे तो उन्हें ट्रैफिक पुलिस सीज कर देगी।

बता दें कि अभी शहर दो यलो व रेड जोन रूट ही चल रहे हैं।शहर में करीब पांच हजार ई रिक्शे हर गली चौराहे पर चल रहे हैं। ये किसी यातायात नियम को नहीं मानते और बीच सड़क रिक्शा खड़ी कर सवारी बैठाते और उतारते हैं।

आज से शहर में सिर्फ तीन रूट पर ही चलेगा ई रिक्शा
यातायात प्रभारी अवधेश तिवारी ने बताया कि गुरुवार एक मई से यातायात पुलिस नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में ट्रैफिक प्लान पूरी तरह से जारी कर दिया गया है। बुधवार को पुलिस लाइन में ग्रीन जोन के लिए 400 ई रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर उन्हें नए रूट पर चलने की अनुमति दे दी गई है। गुरुवार को कलर कोडिंग कर दिया जाएगा। इसके पहले रेड जोन में 313 व यलो जोन में 312 ई रिक्शा का रूट निर्धारण किया जा चुका है। ग्रीन जोन बडेवन, कटरा, पानी टंकी मालवीय तिराहा वाया तिरंगा चौराहा फुटहिया तक रूट निर्धारित किया गया है ।