11 लाख रुपये: संतकबीरनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर – जनपद संतकबीरनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता के निर्देशन में काम कर रही सर्विलांस व साइबर क्राइम टीम ने 121 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असल मालिकों को सौंपे हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।
बरामद मोबाइल फोन अलग-अलग कंपनियों के एंड्रॉयड सेट हैं, जो जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए थे। मोबाइल बरामदगी में सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह और साइबर क्राइम थाना प्रभारी आलोक सोनी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोबाइल फोन लौटाने के अवसर पर एसपी सत्यजीत गुप्ता की मौजूदगी में जब पीड़ितों को उनके फोन सौंपे गए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। एसपी गुप्ता ने बताया कि मोबाइल की शिकायत ceir.gov.in वेबसाइट पर दर्ज कराकर उनका IMEI ब्लॉक या ट्रेस किया जा सकता है। शिकायत दर्ज करने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल का बिल, गुमशुदगी की रिपोर्ट और सिम व IMEI नंबर की जानकारी जरूरी होती है।
साइबर ठगी से बरामद हुए 11 लाख से अधिक रुपये
साइबर क्राइम थाना की एक और उल्लेखनीय कार्रवाई में 17 पीड़ितों के खातों से साइबर फ्रॉड के जरिए निकाले गए कुल 11,03,032 रुपये की राशि वापस कराई गई। इनमें खलीलाबाद, मेंहदावल, दुधारा, बखिरा सहित कई थाना क्षेत्रों के पीड़ित शामिल हैं।
सबसे बड़ी रकम सीमा तिवारी को वापस मिली, जिनके खाते से 4.56 लाख रुपये निकाले गए थे। वहीं समसुज्जमा को 3.20 लाख रुपये, अंकित गुप्ता को 62 हजार से अधिक, और अन्य पीड़ितों को भी उनकी राशि वापस मिल गई।
एसपी गुप्ता ने इस उल्लेखनीय कार्य के लिए साइबर टीम को 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना की त्वरित कार्रवाई पर प्रसन्नता जताई और टीम का आभार व्यक्त किया।