सोहावल- अयोध्या आये तूफान तेज हवा व आँधी ने पाँच महिलाओं की जान ले ली। जनपद की सोहावल तहसील क्षेत्र के महोली मजरे सैदपुर गांव निवासी ललिता 22 वर्ष पूजा 19 वर्ष पुत्री जल्ला ट्राली पर भूसा लाने के लिए गयी थीं। कमला पत्नी राजेंद्र कुमार उम्र 28 वर्ष गेहूं काटने खेत में गई थी।आंधी आने पर एक ट्रैक्टर ट्राली के नीचे छिप गयी। आंधी की वजह से ट्राली उनके ऊपर पलट गयी। ग्रामीणों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना हाजीपुर मजरे गंज की है। जहाँ सुशील कुमार व उनकी पत्नी ओला से बचाने के लिए मैदान में बंधी भैंस को छप्पर में बांधने गये। तेज आंधी से एक पेड़ टूटकर बगल में बनी ईंट की दीवाल पर गिरी जिसकी चपेट में आकर सुशील कुमार की पत्नी गीता देवी उम्र लगभग 60 वर्ष की मौत हो गयी।जबकि सुशील गम्भीर रूप से घायल हो गये।दबने से भैंस की भी मौत हो गयी। तीसरी घटना तहसील क्षेत्र के ही तहसीनपुर के मजरे पूरे जिग्ना मिश्र की है। यहां किसान यूनियन के नेता अधिवक्ता नकुल पांडेय के अनुसार धन्नीपुर बुधौलिया निवासी दीपा यादव उम्र करीब 32 वर्ष जो कि जिगना मिश्र का पुरवा गाँव में गेहूँ काटने आई थी। अचानक आई तेज आँधी के कारण ख़ुद को बचाने के लिये वह गाँव निवासी प्रदीप मिश्रा के चद्दर के नीचे छुप गयी। साथ में पहले से शुभम तिवारी नाम का एक बच्चा भी छुपा था। दीपा टीन शेड के नीचे छुपी ही थी कि तभी दीवाल सहित टीन उसके ऊपर गिर पड़ी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चोटिल शुभम को इलाज के लिये चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब रौनाही टोल प्लाज से लेकर लोहिया पुल के बीच 50 से 60 पेड़ गिर जाने से हाईवे पर लखनऊ से अयोध्या की तरफ जाने वाली सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। गाड़ियों का आवागमन एक ही लेन से हो रहा था। इससे सड़क पर लम्बा जाम लग गया। जबकि गाओं को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले सभी रास्ते लगभग पेड़ गिरने से बाधित रहे। ड्योढ़ी स्थित श्री राम बल्लभा भगवंत विद्यापीठ इंटर कॉलेज इंटर कॉलेज के लगभग 10 कक्षाओं के टीन शेड उड़ गये। तहसील क्षेत्र के कलाफ़रपुर मजरे दुर्गा मिश्र का पुरवा में भी आंधी और बारिश से एक विशालकाय नीम का पेड़ गाय की गौशाला पर गिर गया। जिससे उस पर रखा करीब 30 सीमेंट का पतरा(छान) चकनाचूर हो गया। तेज आंधी से क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर टूटकर जमीदोज हो गये हैं।जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई पूर्ण रूप से ठप हो गयी है। विजली विभाग की सतर्कता से किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सका। एसडीएम सोहावल अभिषेक सिंह ने बताया कि राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया है। जिसके आधार पर मृतकों के परिजनों को शासन से मिलने वाली धनराशि के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। जबकि एक महिला मृतका के पति ने पोस्टमार्टम और सरकार से मिलने वाली राशि के लिए मना किया है। उनकी भावनाओं की कद्र करते हुए उनकी बात मान ली गई है। थानाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि थाना क्षेत्र में हाईवे पर लगभग 50-60 पेड़ गिर गये थे।