लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य सड़क निधि योजना के अंतर्गत अयोध्या मंडल के विभिन्न जनपदों में स्वीकृत एवं प्रचलित 33 मार्गों के कार्यों हेतु 36 करोड़ 86 लाख 47 हजार रुपये की अवशेष धनराशि अवमुक्त कर दी है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आवश्यक शासनादेश जारी कर दिया गया है।जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आवंटित धनराशि का उपयोग हर हाल में 31 मार्च 2026 तक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यों की उपयोगिता प्रमाण पत्र 30 अप्रैल 2026 तक शासन को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कार्यों की वित्तीय और भौतिक प्रगति का सक्षम स्तर पर समुचित निरीक्षण और सत्यापन किया जाए। प्रत्येक माह प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परियोजनाओं की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित हो सके।