भाजपा का 45वां स्थापना दिवस: जिला अध्यक्ष नीतू सिंह ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बताया संगठन विस्तार का खाका

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला अध्यक्ष नीतू सिंह ने प्रेस वार्ता कर पार्टी की उपलब्धियों और संगठनात्मक मजबूती की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा न केवल भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि वैचारिक स्तर पर भी यह राष्ट्रवाद की मजबूत आधारशिला पर खड़ी है।

नीतू सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनसंघ से अलग होकर भाजपा की स्थापना हुई थी। आज यह पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी सदस्यता संख्या वाली पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का वैचारिक और संगठनात्मक संबंध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से है, जो पार्टी की कार्यशैली को दिशा देता है।

 

यूपी में संगठन का सशक्त आधार

 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया है। राज्य के 1018 मंडलों में सभी मोर्चों की सक्रिय टीमें कार्यरत हैं। प्रदेश को 98 जिलों में बांटा गया है, जिनमें से 70 जिलाध्यक्ष चुने जा चुके हैं। हर तीन साल पर संगठनात्मक चुनाव की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पार्टी की खास पहचान है।

 

भाजपा की ऐतिहासिक चुनावी यात्रा

 

नीतू सिंह ने बताया कि 1984 में मात्र दो लोकसभा सीटों से शुरुआत करने वाली भाजपा ने 2014 में 282 और 2019 में 303 सीटों पर विजय प्राप्त की। उत्तर प्रदेश की 71 सीटों ने 2014 की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। 2024 में सीटों में थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाकर भाजपा ने इतिहास रचा।

 

राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां

 

प्रेस वार्ता में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा नल कनेक्शन देने वाला राज्य बन चुका है। राज्य में 5.07 लाख किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है और 2.36 करोड़ ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति, विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन निषेध अधिनियम, पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था, 7.5 लाख सरकारी नौकरियां, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज, हर कमिश्नरी में विश्वविद्यालय स्थापना का कार्य चल रहा है।

तीर्थ, पर्यटन और सांस्कृतिक विकास

 

नीतू सिंह ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, ब्रज, नैमिषारण्य और विंध्य धाम जैसे तीर्थ स्थलों का पुनरुद्धार किया गया है। रामायण, बौद्ध, शक्तिपीठ और आध्यात्मिक परिपथों का विकास तेजी से हो रहा है। महाकुंभ 2025 में देश-विदेश से 66 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी चल रही है।

 

सेवा और समर्पण का भाव

 

कोविड काल से लेकर प्रयागराज के हर सनातनी को संगम जल पहुंचाने तक, भाजपा कार्यकर्ता सेवा भाव में सदैव अग्रणी रहे हैं। नीतू सिंह ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर देती है। प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से निरंतर कार्यकर्ताओं को निखारा जाता है।

प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ रही है।