हादसों में बस चालक, परिचालक,दो युवतियां घायल

 

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के एनएच स्थित कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान गेट के सामने दो अलग अलग मार्ग दुर्घटनाओं मे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पाकर मौके पर पहुँची फुटहिया पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचवाया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार महराजगंज डिपो की बस 20 सवारियों को भरकर लखनऊ जा रही थी। अभी वह नगर थाना क्षेत्र के कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान गेट के सामने पहुँची ही थी कि सामने जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्रक मे पीछे से घुस गई। इससे यात्रियों मे चीख पुकार मच गई। इसी बीच बस के पीछे तेज रफ्तार एक कार भी घुस गई। गनीमत रहा कि कार चालक हादसे में बाल बाल बच गए। कार व बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
फुटहिया चौकी प्रभारी विवेकानन्द तिवारी ने बताया कि इस दुर्घटना में बस चालक महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मुजेहना निवासी सुग्रीव यादव, महराजगंज निवासी परिचालक संजय प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। बस मे सवार अन्य बीस लोग बाल बाल बच गए। घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
दूसरी घटना ई रिक्शा मे तेज रफ्तार आर्टिका कार की ठोकर लगने से हुई। जिससे ई रिक्शा मे सवार कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर पक्के निवासी 23वर्षीय कोमल पुत्री भोला, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मंझरिया निवासी 19वर्षीय चाँदनी पुत्री रामचंद्रघायल हो गई। ई रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। एसआई विवेकानन्द तिवारी ने बताया कि दोनो युवतियां मारूति सुजुकी मे काम करती हैं।एंबुलेंस से उन्हे जिला अस्पताल भिजवाया गया है, उनके परिजनों को भी सूचना दी गई है।