उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे, पर्यटन विभाग 25-27 मार्च तक प्रदर्शनी और विशेष कार्यक्रम करेगा आयोजित

 

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25, 26 एवं 27 मार्च को प्रदेशभर में पर्यटन विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रमों और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और जनता को पर्यटन नीति से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस संबंध में पर्यटन विभाग के महानिदेशक द्वारा सभी क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 मार्च को सभी जिलों में पर्यटन प्रदर्शनी पंडाल का निर्माण किया जाएगा और जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर पर्यटन विभाग की उपलब्धियों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित टीवीसी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही विभाग द्वारा तैयार पर्यटन साहित्य का वितरण भी किया जाएगा।पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए युवा पर्यटन क्लब के विद्यार्थियों को आमंत्रित कर विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी, जिनमें वाद-विवाद, चित्रकला, लेखन, क्विज और पर्यटन फोटोग्राफी व रील निर्माण प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफी और रील बनाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, संस्कृति विभाग के सहयोग से लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।26 मार्च को प्रदर्शनी में लगी स्क्रीन के माध्यम से जनपदों के प्रमुख मेले-महोत्सव, पौराणिक स्थलों और पर्यटन योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पर्यटन नीति-2022 के तहत पर्यटन इकाइयों को मिलने वाले लाभों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। ढाबा मालिकों, विवाह भवन संचालकों, होटल मालिकों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य व्यवसायियों को पर्यटन विभाग की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।नई पर्यटन इकाइयों और लाभार्थियों के पंजीकरण की सुविधा भी इन आयोजनों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। पर्यटन मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सक्रिय विद्वानों, कवियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित कर कवि सम्मेलन, कवि गोष्ठी और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएं, ताकि जनता को पर्यटन से होने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया जा सके।मंत्री ने कहा कि टूर ऑपरेटर्स, होटल मालिकों, गाइड, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को इस आयोजन में शामिल किया जाए और जनपद के पर्यटन को आगे बढ़ाने पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करने से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इससे स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।योगी सरकार के आठ वर्षों में पर्यटन को लेकर कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जिससे प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सरकार की इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इन तीन दिनों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।