मुख्य चिकित्साधिकारी को मिली मारने पीटने की धमकी, जिलाधिकारी से की कार्रवाई की मांग

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर – जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को भर्ती प्रक्रिया में दबाव बनाने को लेकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में CMO ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

CMO द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, 25 फरवरी 2025 को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक से पहले उनके कार्यालय में यह घटना घटी। बैठक की तैयारियों को लेकर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र प्रसाद और डॉ. राम रतन के साथ चर्चा चल रही थी। तभी उमेश तिवारी नामक व्यक्ति दो अन्य अज्ञात लोगों के साथ कार्यालय में घुस आया।

पत्र के अनुसार, उमेश तिवारी ने CMO से निजी बातचीत करने की जिद की, लेकिन जब उन्होंने इनकार कर दिया तो वह आक्रोशित हो गया। उसने आयुष भर्ती प्रक्रिया में अपने लोगों को शामिल करने का दबाव बनाया। CMO ने जब नियमानुसार भर्ती करने की बात कही तो आरोपी अचानक आक्रामक हो गया और गाली-गलौज करने लगा।

गंभीर धमकी और बदसलूकी

CMO के अनुसार, उमेश तिवारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा, “जो उम्मीदवार मैं कहूँगा, उन्हीं की भर्ती होगी, नहीं तो तुम्हें तुम्हारे ही चैंबर में पटककर मारूँगा। मेरा कोई कुछ नहीं कर पाएगा।”

इस दौरान, दोनों वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन शोर सुनकर अन्य कर्मचारी भी कार्यालय में आ गए। तभी आरोपी ने CMO पर ₹2.5 लाख घूस लेने का झूठा आरोप लगाना शुरू कर दिया।

जिलाधिकारी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

घटना के तुरंत बाद CMO ने जिलाधिकारी को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी और पत्र के माध्यम से उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लिखा कि इस घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, क्योंकि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के प्रतीत होते हैं।

इस गंभीर घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है और क्या आरोपी पर कोई कानूनी कार्रवाई होती है।