युवती के साथ दुष्कर्म, कुकर्म करने,शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने में मुकदमा

 

बस्ती । मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती के साथ गांव निवासी एक युवक द्वारा घर में घुसकर अश्लील हरकत करने, जबरिया बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार छह साल पूर्व उसके परिवार के लोग कुछ आवश्यक कार्य से शहर गए थे, वह घर पर अकेली थी। इसका फायदा उठाते हुए गांव निवासी वसी अहमद उसके घर में घुस गया, उसके साथ अश्लील हरकत की, उसे खींचकर घर के अन्दर लेता गया, उसे डरा धमका कर जबरदस्ती बलात्कार किया। परिवार वालों के आने के बाद उसने अपनी आपबीती बताई। जब उसके परिवार के लोग आरोपी के घर उलाहना देने पहुंचे तो आरोपी और उसके परिवार वालों ने कहा कि अब गलती हो गई है, लेकिन वे आरोपी से उसकी शादी कराने को तैयार है, आप लोग कानूनी कार्रवाई मत करिए। इस बात पर उसके परिजनों और उसने भरोसा कर लिया। इसके बाद आरोपी शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक सम्बन्ध बनाने लगा। जबरदस्ती उसके साथ अप्राकृतिक यौन सम्बन्ध भी बनाता रहा। इस बीच वह दो बार गर्भवती हो गई, जिस पर उसे जबरदस्ती दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया गया। आरोपी और उसके परिवार वाले शादी करने को तैयार नहीं है। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी, उसके पिता, मां, भाई, बहन के खिलाफ आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत बलात्कार, अप्राकृतिक दुष्कर्म, गर्भपात कराने, मारने पीटने, जानमाल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।