यातायात माह में सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक, 1379 वाहनों का चालान
बहराइच। यातायात माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेवेन्थ डे इंटर कॉलेज, बहराइच में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को सुरक्षित सड़क पार करने, पैदल चलते समय सावधानी बरतने, साइकिल चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले वाहन नहीं चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न चौराहों एवं तिराहों पर जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन कर वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक कुल 1,379 वाहनों का चालान करते हुए 21 लाख 57 हजार 700 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 878, ओवरस्पीडिंग के 274, तीन सवारी के 93, अनाधिकृत पार्किंग के 80, अमानक नंबर प्लेट के 26, बिना बीमा के 16 तथा बिना सीट बेल्ट के 12 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सुरक्षित यातायात के लिए सभी नियमों का पालन करें।