वाणिज्य कर विभाग की बैठक में व्यापारियों को मिली टैक्स में छूट की जानकारी

 

वाणिज्य कर विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एडिशनल कमिश्नर (मुख्यालय) धन्जय शुक्ल ने की। बैठक दोपहर 1.30 बजे मीराबाई मार्ग स्थित कार्यालय में सम्पन्न हुई, जिसमें एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 बी विंग राजेश पाण्डेय, एडिशनल कमिश्नर एस.आई.बी संजय मिश्र और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में अधिकारियों ने व्यापारियों को 2017-18, 2018-19, और 2019-20 में धारा 73 के तहत जारी नोटिस के बारे में जानकारी दी, जिसमें जिन व्यापारियों ने निर्धारित समय सीमा में अपना टैक्स और व्याज जमा नहीं किया था, उन पर पेनाल्टी आरोपित की गई थी। विभाग ने बताया कि अब सरकार ने 31 मार्च 2025 तक उन व्यापारियों को टैक्स, व्याज और पेनाल्टी में छूट देने का निर्णय लिया है। इसके लिए व्यापारी टैक्स डीआरसी 03ए के माध्यम से अपनी बकाया राशि जमा कर सकते हैं।लखनऊ व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि केवल धारा 73 के तहत व्यापारियों को छूट क्यों दी जा रही है, जबकि धारा 74 के केसों में भी छूट मिलनी चाहिए। मिश्र जी ने यह भी कहा कि बोगस फर्मों के मामले में जिम्मेदारी विभाग की है, क्योंकि व्यापारी सक्रिय फर्मों के माध्यम से ही माल मंगवाते हैं और टैक्स चुकता करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि विभाग को बोगस फर्मों के मामले में बैंक अकाउंट को सीज करने का अधिकार मिलना चाहिए, जैसा कि वैट के मामले में होता है।इसके अलावा, मिश्र जी ने यह भी पूछा कि जो व्यापारी पहले ही अपना टैक्स और व्याज जमा कर चुके हैं, उनके बारे में क्या किया जाएगा। अधिकारियों ने उत्तर दिया कि यह सरकार का निर्देश है और इसमें विभाग कुछ नहीं कर सकता।अमरनाथ मिश्र ने बैठक में एक और सुझाव दिया कि 2017-18, 2018-19 और 2019-20 के लिए 31 मार्च तक मिलने वाली छूट के बारे में व्यापक प्रचार किया जाए। इसके लिए यूट्यूब पर एक वीडियो बनाई जा सकती है, जिससे व्यापारी इसे देखकर समय पर अपना टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि हर खण्ड में तीन अधिकारी होते हैं, जो संबंधित व्यापार मण्डल के अध्यक्ष और महामंत्री को व्यापारियों की सूची दे सकते हैं और इस प्रक्रिया में सहयोग कर सकते हैं।बैठक में मुख्य रूप से लखनऊ व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, सतीश अग्रवाल, सतीश शर्मा, उमेश शर्मा, विशाल अग्रवाल, कुश अरोडा, युवा अध्यक्ष मनीष गुप्ता सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।