प्रयागराज से अयोध्या की ओर उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब, रामलला के दर्शन के लिए बढ़ी भीड़

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में होने वाले मुख्य स्नान के बाद लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। अनुमान है कि 29 जनवरी को प्रयागराज में करोड़ों लोग गंगा स्नान करेंगे। स्नान के बाद ये श्रद्धालु सीधे अयोध्या धाम पहुंच रहे हैं। जिसके कारण अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय ने इस संबंध में एक अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम की आबादी और आकार को देखते हुए इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को एक दिन में रामलला के दर्शन कराना संभव नहीं है। इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने अपील की है कि आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु 15-20 दिन बाद दर्शन के लिए अयोध्या आएं। इससे दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन कर पाएंगे। वसंत पंचमी के बाद फरवरी मास में स्थिति कुछ सामान्य हो जाएगी।