बस्ती मंडल में 6,327 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 15,914 लोगों को मिला रोजगार
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने की मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक निवेश की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से मंडल में बड़े पैमाने पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कराना तथा निवेश को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों को इकाइयों की स्थापना, निवेश एवं स्वरोजगार में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक का संचालन करते हुए संयुक्त आयुक्त उद्योग बस्ती मंडल गौरव मिश्र ने बताया कि जनपद बस्ती में 186 इकाइयों के माध्यम से 2,262.23 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश और 7,238 व्यक्तियों को रोजगार देने का प्रस्ताव है। इसी प्रकार सिद्धार्थनगर में 131 इकाइयों के माध्यम से 1,215.07 करोड़ रुपये का निवेश तथा 4,690 लोगों को रोजगार प्रस्तावित है। संतकबीरनगर में 110 इकाइयों के माध्यम से 2,850 करोड़ रुपये का निवेश और 9,004 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि मंडल में कुल 427 निवेशकों द्वारा 6,327.30 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश तथा 12,093 व्यक्तियों को रोजगार देने के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 352 निवेशकों के 5,008.58 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं, जिनके माध्यम से 15,914 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त हुआ है।
मंडलायुक्त ने संयुक्त आयुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि औद्योगिक निवेश एवं प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट प्रत्येक बैठक में प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओडीओपी वित्त पोषण योजना तथा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैंकों में लंबित ऋण पत्रावलियों तथा निरस्त किए गए आवेदनों पर पुनर्विचार किया जाए। आवेदन निरस्त करने का उचित कारण स्पष्ट किया जाए और पात्र मामलों में स्वीकृति की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने अधीक्षण अभियंता बस्ती मंडल खालिद सिद्दीकी को औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध विद्युत पोलों एवं जर्जर तारों को हटाने की कार्रवाई करने को कहा, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में जन-धन की हानि और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने लकड़ी एवं बांस के पोलों पर स्थापित विद्युत कनेक्शनों के संबंध में भी संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करने तथा आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति, कूड़ा निस्तारण तथा औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में पुलिस चौकी स्थापित न होने सहित विभिन्न समस्याओं को उठाया। मंडलायुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उपायुक्त उद्योग बस्ती अभय कुमार सुमन, संतकबीरनगर के विनोद वर्मा, सिद्धार्थनगर के जीसी गौड़, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव एचसी शुक्ल, अशोक कुमार अग्रवाल, एई सरयू नहर खंड-4 अजय कुमार, इलियास अहमद, हेमंत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।






Views Today : 5354
Who's Online : 15