परिवहन राज्यमंत्री  दयाशंकर सिंह ने संविदा चालकों और परिचालकों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  दयाशंकर सिंह ने आज जानकारी दी कि 01 जनवरी, 2025 से उ0प्र0 परिवहन निगम द्वारा संविदा चालकों और परिचालकों को पुनरीक्षित दर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। चालकों के मानदेय में 9 प्रतिशत और परिचालकों के मानदेय में 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।परिवहन मंत्री ने बताया कि पहले चालकों को 1.89 रुपये प्रति किलोमीटर और परिचालकों को 1.89 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से मानदेय मिल रहा था। अब इसे बढ़ाकर क्रमशः 2.06 रुपये प्रति किलोमीटर और 2.02 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। इस प्रकार, चालकों के मानदेय में 17 पैसे प्रति किलोमीटर और परिचालकों के मानदेय में 13 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है।यथावत मानदेय वाले क्षेत्र परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि नोएडा क्षेत्र की नगरीय और ग्रामीण सेवाओं के अलावा, एनसीआर क्षेत्र में आने वाले कौशाम्बी, साहिबाबाद, और लोनी डिपो के चालक और परिचालकों का मानदेय यथावत रखा गया है। इसके साथ ही गोरखपुर क्षेत्र के सोनौली, सिद्धार्थनगर और महराजगंज डिपो के चालक परिचालकों का मानदेय भी यथावत रहेगा।नवीन उत्तम प्रोत्साहन योजना परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि नवीन उत्तम प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए चालकों को दो वर्ष की निरंतर सेवा और परिचालकों को चार वर्ष की निरंतर सेवा की आवश्यकता होगी। इसके अलावा, वित्तीय वर्ष में चालकों को 288 दिन की ड्यूटी और 66,000 किलोमीटर की दूरी पूर्ण करना जरूरी होगा। पहले यह सीमा 78,000 किलोमीटर थी, जो अब 12,000 किलोमीटर कम कर दी गई है। इस योजना में दुर्घटनाओं का भी ध्यान रखा जाएगा, और यदि किसी दुर्घटना का कोई मामला नहीं हुआ है, तो पात्रता बनी रहेगी।