श्रावस्ती महोत्सव के प्रथम दिन प्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौडवाल के भजन से मंत्रमुग्ध हुए श्रोता

 

श्रावस्ती महोत्सव के प्रथम दिन शुक्रवार की शाम पर बही भक्ति की बयार ने सभी को भक्ति रूपी सागर में डूबो दिया। मन मोहक भजनों पर श्रद्धालु देर तक आनंद लेते रहे। देश की मशहूर भजन गायिका एवं पद्मश्री सम्मानित अनुराधा पौडवाल जी ने भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण जी व माताजी के भजन प्रस्तुत किये, जिससे दर्शकदीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अनुराधा पौडवाल जी ने गायत्री मंत्र से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके पश्चात् उन्होने एक के बाद एक भजन गाकर लोगों का मन मोह लिया। उन्होने ‘’मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे, राम आयेंगे’’ भजन गाया तो लोग उनकी सुरीली आवाज के दिवाने होकर झूमने लगे। उन्होंने ‘’ तूने मुझे बुलाया शेरा वालिये’’, ’’मां मुरादें पूरे करदे हलवा बाटूंगी’’, ’’राम सियाराम, सियाराम जय-जय राम’’, ’’हे राम, हे राम’’, कभी राम बनके, कभी श्याम बनके’’, ’’नगरी हो अयोध्या सी, रघुकुल सा घराना हो’’ आदि भजन सुनाकर सभी को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। अविरल चलती इस भजन संध्या में उन्होने एक के बाद दर्जनों भजन गीतों को सुनाकर श्रोताओं का मन मोह लिया।
इसके उपरान्त जनपद श्रावस्ती की शान बालीवुड एवं भोजपुरी गायिका राधा श्रीवास्तव ने भी अपने गानों से लोगों को खूब आनन्दित किया। इस दौरान उन्होने बजरंग बली जी के भजन से कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद उन्होने ’’दुनिया है मेरे पीछे, लेकिन मैं तेरे पीछे’’, ’’डम-डम डिगा-डिगा’’, ’’चटनिया सिलवट पर पिसाई’’, ’’मेरे रश्क-ए-कमर’’, ’’बिल्लो रानी’’ आदि बॉलीवुड एवं भोजपुरी गाने गाकर उपस्थित जनसमुदाय का मनमोह लिया। जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। इस दौरान मंच पर उनके पति ने भी गीतों में उनका साथ दिया। उन्होंने राधा श्रीवास्तव के साथ डयूएट गीत गाकर लोगों का मनमोह लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक रामफेरन पाण्डेय, जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह ने गायिका अनुराधा पौडवाल एवं राधा श्रीवास्तव को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।