भावनपुर पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी के चार वाहन और भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह बदमाश वाहनों के स्पेयर पार्ट्स को कबाड़ियों के पास बेचा करते थे।
भावनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान डीए कॉलोनी के पास से अपाचे और स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान यह दोनों वाहन चोरी के पाए गए। जिसके बाद दोनों बदमाशों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम सोतीगंज निवासी अरशद पुत्र अकरम और साजिद उर्फ नेपाली पुत्र बाबू दिन बताए। बदमाशों ने बताया कि वह वाहन चोरी करके उन्हें पुर्जा-पुर्जा करके सोतीगंज के कबाड़ियों को बेच देते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर सोतीगंज स्थित सुभान की दुकान पर छापा मारा गया। जहां पुलिस को चोरी की एक केटीएम बाइक और एक स्कूटी सहित भारी मात्रा में वाहनों के स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ करते हुए उनके अन्य साथियों के विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है।