जमोहरा दोहरे हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार,एक के पैर में लगी गोली

जमोहरा दोहरे हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार,एक के पैर में लगी गोली

संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें तीन आरोपियों को धनघटा थाना परिसर से गिरफ्तार किया गया,जबकि चौथा आरोपी राकेश यादव मंगलवार सुबह बौधरा ताल के पास पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .12 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीन आरोपियों आकाश यादव, सुग्रीव यादव, सुनील यादव की निशानदेही पर .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी बरामद हुई है।

बता दें कि 15 नवंबर को पुरानी रंजिश में जमोहरा गांव के बाहर खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव, घनश्याम यादव पर लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और असलहों से लैस हमलावरों ने हमला कर दिया था। हमले में प्रहलाद और रामकेश की मौत हो गई थी, जबकि सहसराम और घनश्याम गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।मेंहदावल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आकाश यादव समेत कई आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास भी है। हत्याकांड में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।